उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के आराकोट में देर रात एक पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से भवन में रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरे भवन ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते भवन जलकर राख हो गया।
कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। मोरी और त्यूणी से दमकल टीमों को बुलाया गया। आग की भयावहता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर भेजी गई।
दमकल कर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पुराना स्वास्थ्य केंद्र भवन पूरी तरह जल चुका था।
हादसे के समय भवन में अकेली थीं पार्वती जैन
बताया जा रहा है कि पार्वती जैन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले कई वर्षों से पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में ही रह रही थीं। हादसे के वक्त वह भवन के अंदर अकेली थीं। आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और वह आग की लपटों में फंस गईं।
सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान के अनुसार, पार्वती जैन मूल रूप से देहरादून के आराघर क्षेत्र की रहने वाली थीं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने आराकोट को ही अपना ठिकाना बना लिया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, समय-समय पर उनसे मिलने उनकी एक मुंहबोली बेटी भी आती थी।
लकड़ी के चूल्हे से आग लगने की आशंका
थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण लकड़ी का चूल्हा माना जा रहा है। आशंका है कि जिस कमरे में पार्वती जैन रहती थीं, वहां खाना बनाते समय लकड़ी के चूल्हे से आग भड़की होगी। इसके बाद आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की सही वजह सामने आएगी।
भतीजे को दी गई सूचना, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मृतका के भतीजे को दे दी गई है। उनके भतीजे के देहरादून से आराकोट पहुंचने की जानकारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद आराकोट क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पार्वती जैन की मौत पर गहरा दुख जताया है।







