रुड़की: हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवकों को बातचीत के बहाने घर बुलाया और वहां फायरिंग कर दी। इस दौरान 23 वर्षीय आदित्य उर्फ आदि को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पैसे के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, भगवानपुर कस्बे की प्रताप कॉलोनी निवासी लकी उर्फ रोहित और राहुल शर्मा का नंबरदार वाली गली निवासी आदित्य उर्फ आदि और उसके साथियों के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 1 अक्टूबर की देर रात दोनों पक्षों का शराब के नशे में आमना-सामना हो गया। आरोप है कि शराब के ठेके के सामने दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लकी उर्फ रोहित की आदित्य और उसके साथियों ने पिटाई कर दी।
इसके बाद लकी ने अपने भाई राहुल और पिता अनिल शर्मा को घटना की जानकारी दी।
घर बुलाकर गोली मारने का आरोप
पुलिस के अनुसार, इसके बाद अनिल शर्मा और राहुल ने आदित्य को बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के लिए अपने घर बुलाया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आदित्य को गोली मार दी गई।
गोली लगते ही आदित्य जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ गया एक अन्य युवक भी वहां मौजूद था। आरोप है कि उस पर भी फायर किया गया, लेकिन वह किसी तरह मौके से भाग निकला और घटना की जानकारी आदित्य के परिजनों को दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल आदित्य को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने लकी उर्फ रोहित, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
भगवानपुर सीओ सुमित पांडे के मुताबिक, देर रात दो पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गोली लगने से आदित्य राणा की मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद प्रताप कॉलोनी और आसपास के इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम और फायरिंग की वजह की जांच कर रही है।







