हरिद्वार: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने महिलाओं की गाड़ी को रोकने की कोशिश करते हुए उनके साथ बदसलूकी की। महिलाओं की शिकायत और घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच में चारों युवकों के शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने कार को सीज करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है।
बहादराबाद टोल के पास महिलाओं से अभद्रता का आरोप
बताया गया कि महिलाओं का एक समूह अपनी कार से हाईवे पर यात्रा कर रहा था। उनके साथ कोई पुरुष नहीं था। आरोप है कि बहादराबाद टोल से पहले दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक उनकी गाड़ी के पीछे लग गए।
महिलाओं के मुताबिक, युवकों ने उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश की और इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज व अभद्रता की। महिलाओं के विरोध करने के बावजूद युवक कथित तौर पर बदसलूकी करते रहे। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
महिलाओं ने बनाया वीडियो
घटना के दौरान महिलाओं ने कार सवार युवकों का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। वीडियो में कार सवार युवकों को महिलाओं के साथ बहस और अभद्रता करते हुए देखा जा सकता है। महिलाओं ने युवकों के नशे में होने का आरोप भी लगाया।
घटना की जानकारी मिलने पर कुछ स्थानीय लोगों ने हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को फोन कर मामले की सूचना दी। एसएसपी के निर्देश पर बहादराबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
चारों युवकों को हिरासत में लिया
पुलिस टीम ने दिल्ली नंबर की कार को रोककर उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली ले गई। इसके बाद महिलाओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है।
कार सीज, मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सफेद रंग की वैगनआर कार में सवार युवक नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। आरोप है कि उन्होंने राहगीरों और महिलाओं के साथ भी बहस और अभद्रता की।
मेडिकल में एल्कोहल की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार को सीज कर दिया। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान हाथ जोड़कर मांगी माफी
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान युवकों ने अपने कृत्य के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन भी दिया।
बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने और आम लोगों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल में एल्कोहल की पुष्टि होने के बाद वाहन सीज कर दिया गया है। सड़क पर हुड़दंग और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







