देहरादून/धनौल्टी: उत्तराखंड के देहरादून और टिहरी जिले में अलग-अलग मामलों में लापता चल रहे दो व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय मजदूर का शव जंगल से बरामद हुआ, जबकि टिहरी के छाम थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता चल रहे 30 वर्षीय युवक का शव सड़क से कुछ दूरी पर घास में मिला। दोनों मामलों में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
देहरादून में जंगल से मिला मजदूर का शव
पहला मामला देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला का है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को जंगल से 40 वर्षीय मदन का शव बरामद हुआ। मदन मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और देहरादून में मजदूरी करता था।
बताया गया कि मदन मांडूवाला क्षेत्र में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। वह शुक्रवार शाम से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद पुलिस और परिजनों ने आसपास के जंगलों में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान जंगल में मदन का शव बरामद हुआ।
शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, मदन के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। गले के आसपास भी चोट के निशान बताए गए हैं। इसके बाद प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वारदात में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल हुआ और इसमें एक या एक से अधिक लोग शामिल थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और आसपास से साक्ष्य जुटा रही है। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
टिहरी में चार दिन से लापता युवक का शव मिला
दूसरा मामला टिहरी जिले के छाम थाना क्षेत्र का है। नगुण-सुवाखोली मोटरमार्ग पर विकोल के पास सड़क से कुछ दूरी पर घास में एक युवक का शव मिला। शव की पहचान 30 वर्षीय विपिन निवासी नागणी, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी के रूप में हुई है।
विपिन 29 सितंबर की दोपहर बाद से नागणी चिन्यालीसौड़ से लापता था। परिजनों की ओर से 2 अक्टूबर को उत्तरकाशी के धरासू थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
3 अक्टूबर को विपिन का शव टिहरी जिले के छाम थाना क्षेत्र में नगुण-सुवाखोली मोटरमार्ग पर विकोल के पास मिला। सूचना मिलने पर छाम थाना पुलिस और धरासू थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। विपिन के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस अब मौत के कारणों का पता लगाने के साथ ही उसके लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।







