हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने और जांच को भटकाने के लिए डायल 112 पर अपने ऊपर जानलेवा हमला होने की झूठी सूचना दी थी।
पुरानी रंजिश में विक्की पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को कटारपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई थी। मामले में पथरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आरोपी की गिरफ्तारी और मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की और नामजद आरोपी अर्जुन पुत्र सुरेंद्र, निवासी ग्राम कटारपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पिछले साल हुई फायरिंग से जुड़ा था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले साल विक्की और उसके साथियों ने उसके साथ फायरिंग की थी। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच न्यायालय में मुकदमा चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने 5 अक्टूबर को विक्की पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
डायल 112 पर दी अपने ऊपर हमले की सूचना
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जांच को भटकाने की कोशिश की। उसने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी कि विक्की ने उस पर दोबारा फायरिंग की है।
हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच की तो आरोपी की ओर से दी गई सूचना झूठी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







