देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक घर में घुसकर 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला की हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पेचकस से तीनों पर हमला किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्लंबिंग का काम करने घर आया था आरोपी
जानकारी के अनुसार, रायपुर थाना क्षेत्र की तपोवन रोड स्थित विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में कपूर दंपति रहते थे। शुरुआती पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी प्लंबर का काम करता है और बुजुर्ग दंपति से परिचित था। बताया जा रहा है कि प्लंबिंग का काम कराने के लिए दंपति ने उसे घर बुलाया था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, काम पूरा होने के बाद आरोपी और कपूर दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद उसने पेचकस से हमला कर दिया। हालांकि, विवाद की असल वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
पड़ोसी ने देखा हमला, शोर मचाने पर भागने लगा आरोपी
स्थानीय निवासी भारती भंडारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे वह अपने घर पर थीं। इसी दौरान उन्हें कपूर दंपति के घर से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखने पर उन्होंने एक युवक को घर में काम करने वाली सहायिका पर पेचकस से वार करते देखा।
भारती भंडारी ने शोर मचाया तो आरोपी उनकी तरफ भी दौड़ा। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग कपूर निवास की ओर पहुंचे। इसके बाद आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन घर के बाहर मौजूद लोगों ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
कपड़ों पर खून के निशान, मौके पर पड़ा मिला पेचकस
मृतकों के पड़ोसी विष्णु राणा ने बताया कि उन्होंने एक युवक को सफेद शर्ट में तेजी से जाते देखा था। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि घर के अंदर महिलाएं चिल्ला रही हैं और वहां कोई वारदात हुई है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया।
विष्णु राणा के अनुसार, आरोपी के कपड़ों पर खून लगा हुआ था। कपूर दंपति के घर में जाकर देखा तो तीनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे और वहां काफी खून बिखरा हुआ था। घटनास्थल पर पेचकस भी पड़ा मिला।
उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के पास से कथित तौर पर एक चेन फेंकने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कपूर दंपति और घरेलू सहायिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि रमेश कपूर भेल से सेवानिवृत्त थे। उनके दो बेटे हैं, जो पुणे और दिल्ली में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार को जानकारी दी गई।
एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर शुरू कराई जांच
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस को विष्णु लोक कॉलोनी, तपोवन रोड के पास एक बुजुर्ग दंपति की हत्या की सूचना मिली थी। घर में काम करने वाली सहायिका पर भी पेचकस से हमला किया गया था। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतक पुरुष भेल से सेवानिवृत्त थे।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच जारी है। इस वारदात के बाद कॉलोनी के लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
अपनी राय कमेंट में बताएं।







