हरिद्वार: हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में महिला से चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस और आरोपियों के बीच बिल्केश्वर रोड के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
महिला से चेन झपटकर फरार हुए थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह खड़खड़ी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा की टीम को बिल्केश्वर रोड के पास बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जंगल की ओर भागे आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे कथित तौर पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दोबारा फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
इस दौरान एक आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
दिल्ली का रहने वाला है घायल आरोपी
पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान नरेश निवासी सुलतानपुरी, दिल्ली के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से सोने की चेन और चोरी की बाइक बरामद हुई है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह चेन स्नेचिंग की अन्य घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
वहीं, आरोपी का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस कर रही फरार साथी की तलाश
हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के मुताबिक, चेन स्नेचिंग के मामले में आरोपी नरेश की तलाश की जा रही थी। बिल्केश्वर रोड के पास पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस घायल आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी और उसका फरार साथी चेन स्नेचिंग की कितनी घटनाओं में शामिल रहे हैं।







