चमोली: पितृ पक्ष के चलते बदरीनाथ धाम में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पितरों और पूर्वजों की आत्मशांति एवं मोक्ष की कामना के लिए अलकनंदा नदी तट स्थित पौराणिक ब्रह्मकपाल तीर्थ पहुंच रहे हैं। यहां श्रद्धालु तर्पण, पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं।
सुबह से ही बदरीनाथ धाम के सिंह द्वार से लेकर आगे तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। ‘बदरी विशाल की जय’ के जयकारों के बीच देवदर्शनी से लेकर परिक्रमा पथ तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते तीर्थ पुरोहित-पंडा समाज, होटल कारोबारी और प्रसाद-माला की दुकान संचालित करने वाले कारोबारी भी व्यस्त नजर आ रहे हैं।
पितृ पक्ष में 1.50 लाख श्रद्धालु पहुंचे
पितृ पक्ष के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु ब्रह्मकपाल पहुंचकर अपने पितरों के निमित्त पिंडदान और तर्पण कर रहे हैं। अब तक पितृ पक्ष के दौरान करीब 1.50 लाख श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इससे धाम और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ी हुई है।
19 लाख के पार पहुंची बदरीनाथ यात्रा
इस वर्ष बदरीनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 19 लाख के पार पहुंच चुका है। अभी दशहरा और कार्तिक स्नान पर्व भी आने बाकी हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भी बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रहने की संभावना है।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस की ओर से यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, बदरीनाथ धाम और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
पितृ पक्ष के दौरान ब्रह्मकपाल में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इस अवधि में एसपी तीन बार बदरीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं।
फिलहाल पितृ पक्ष के चलते ब्रह्मकपाल तीर्थ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी हुई है और बदरीनाथ धाम में चारों ओर धार्मिक माहौल नजर आ रहा है।







