उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में आस्था का महापर्व शुरू होने जा रहा है। 11वें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विधिवत खोल दिए जाएंगे। इस पावन अवसर को लेकर रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और इस बार यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने का दावा किया है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, शुद्ध पेयजल, भोजन और आवास की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु को बिना किसी परेशानी के एक सुरक्षित और आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।
इस बार यात्रा में आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया है। गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ मंदिर तक पूरे पैदल मार्ग पर हाईटेक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। इसके तहत एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे यात्रा मार्ग की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। निगरानी को मजबूत करने के लिए 90 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे हर एंगल से निगरानी संभव होगी।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, इस अत्याधुनिक प्रणाली से किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी इस बार व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चारधाम यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए केदारनाथ धाम में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS), जनपद पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) द्वारा संयुक्त रूप से हाईटेक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में हुए इस अभ्यास में एक काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति को समय रहते पकड़कर सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी तत्परता और दक्षता का प्रदर्शन किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह मॉक ड्रिल केवल अभ्यास था, जिसका उद्देश्य यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह पवित्र यात्रा सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
चारधाम यात्रा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव के साथ ही बाबा केदारनाथ धाम एक बार फिर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजने को तैयार है।






