पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही मसूरी में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने शनिवार को माल रोड बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित समय में किसी भी हालत में वाहनों को प्रवेश न दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि शाम 5 बजे के बाद माल रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि स्थानीय निवासियों को शाम 6 बजे तक सीमित छूट दी गई है। वहीं देहरादून से आने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को निर्धारित समय में एक बार आने-जाने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इसके लिए नगर पालिका से पास लेना अनिवार्य होगा।
मीरा सकलानी ने कहा कि माल रोड पर प्रवेश शुल्क वसूली की मौजूदा व्यवस्था धीमी है, जिससे पर्यटकों को परेशानी होती है। इसको देखते हुए अब नगर पालिका फास्ट ट्रैक सिस्टम लागू करने जा रही है। जल्द ही बैरियर पर स्कैनर लगाए जाएंगे, जिससे पर्यटक ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे और लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं, ऐसे में नगर पालिका का प्रयास है कि उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें और माल रोड की व्यवस्था सुचारू बनी रहे। कर्मचारियों को शुल्क वसूली और वाहनों की जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित समय में केवल आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों में बुजुर्गों को लाने-ले जाने वाले वाहनों को भी छूट दी जा सकती है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी करेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए मसूरी पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है।
मीरा सकलानी ने यह भी बताया कि नगर पालिका माल रोड को और अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत भव्य प्रवेश द्वार बनाने की योजना पर भी कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे पर्यटन सीजन के दौरान शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।







