चमोली: जिले के कांडई पुल के पास बनाला क्षेत्र में हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट में ओवरफ्लो होने के बाद पाइप फटने से लोक निर्माण विभाग की सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज पानी के साथ मलबा सड़क पर आने से करीब 100 मीटर सड़क प्रभावित हुई है। लोक निर्माण विभाग ने प्रारंभिक तौर पर नुकसान का आकलन 15 लाख रुपये से अधिक किया है।
ओवरफ्लो के बाद फटा पाइप, सड़क हुई क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर की सुबह हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट में अचानक ओवरफ्लो की स्थिति बन गई। इसके बाद पाइप फट गया और तेज रफ्तार से पानी व मलबा सड़क पर आ गया। देखते ही देखते पानी के बहाव ने सड़क के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
इस घटना में करीब 100 मीटर सड़क प्रभावित हुई है, जबकि 50 मीटर से अधिक हिस्से की पेंटिंग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पहले भी सामने आ चुकी है ओवरफ्लो की स्थिति
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट में ओवरफ्लो की स्थिति पहले भी सामने आ चुकी है। बार-बार ऐसी घटनाएं होने से ग्रामीण परियोजना की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि गनीमत रही कि घटना के समय सड़क से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था। यदि उस वक्त सड़क पर आवाजाही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सुरक्षा मानकों की जांच की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही परियोजना में सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
संयुक्त निरीक्षण के बाद भेजा जाएगा क्षतिपूर्ति नोटिस
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप सिंह ने बताया कि घटना से विभाग की सड़क को प्रारंभिक तौर पर 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। परियोजना और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करेंगे और वास्तविक क्षति का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट को क्षतिपूर्ति के लिए नोटिस भेजा जाएगा।







