विकासनगर: देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र में सहिया-समाल्टा मोटर मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। सेना का एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बैठी चार महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चारों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल सीएचसी सहिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन महिलाओं को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
ढलान पर अचानक फेल हुए ट्रक के ब्रेक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सेना का ट्रक समाल्टा की ओर से सहिया की तरफ आ रहा था। सहिया के पास ढलान पर अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ता चला गया।
मोड़ पर चालक ट्रक को नियंत्रित नहीं कर पाया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले सामने खड़ी एक यूटिलिटी को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे एक दुकान के पास बैठी चार महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया।
चार महिलाएं गंभीर घायल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया।
सीएचसी सहिया की डॉक्टर हुमा परवीन के अनुसार, चारों महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से तीन महिलाओं की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे में घायल महिलाओं की पहचान इस प्रकार हुई—
- असाड़ी देवी (65 वर्ष), निवासी माटला, समाल्टा, विकासनगर
- सीमा देवी (45 वर्ष), निवासी ददौली, समाल्टा, विकासनगर
- शिखा (18 वर्ष), निवासी ददौली, समाल्टा, विकासनगर
- ढेकूटी देवी (60 वर्ष), निवासी खतार, विकासनगर
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सीएचसी सहिया पहुंची और घायलों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक के ब्रेक फेल होने के बाद वाहन अनियंत्रित हुआ और हादसा हुआ।
सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि सेना के वाहन को पुलिस चौकी में खड़ा करवा दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







