रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार को गोलीकांड से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मार दी। गोली कंधे को छूकर निकल गई, जिससे विशाल घायल हो गए। घटना के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
कार से जा रहे थे विशाल चौहान
जानकारी के मुताबिक, पनियाला गांव निवासी 26 वर्षीय विशाल चौहान पुत्र प्रवीण चौहान कार से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।
गोली लगने के बाद विशाल घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल विशाल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सोमवार रात के विवाद से जोड़कर जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस इस गोलीकांड की कड़ी सोमवार रात मेले के दौरान हुए विवाद से भी जोड़कर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि उस दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान विशाल को धमकी भी दी गई थी।
घायल ने लगाया आरोप, पुलिस कर रही जांच
घायल विशाल चौहान ने एक राजनीतिक दल से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों पर उन्हें गोली मरवाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि सोमवार रात हुए विवाद के दौरान उन्हें धमकी दी गई थी। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।
गोलीकांड की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस सोमवार रात हुए विवाद से लेकर मंगलवार शाम हुई फायरिंग तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर बाइक सवार हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।







