देहरादून: राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरी का आरोप घर में करीब 20 से 25 दिन पहले काम पर रखे गए घरेलू सहायक पर लगा है। आरोप है कि घरेलू सहायक ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को बेहोश किया और इसके बाद घर से कैश और लाखों रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद वार्ड 36 विजय पार्क की भाजपा पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
बसंत विहार पुलिस के मुताबिक, घटना 30 सितंबर की सुबह सामने आई। बताया गया कि घरेलू सहायक ने 29 सितंबर की रात डिनर के दौरान खाने में कोई पाउडर मिला दिया था। इसके बाद घर में मौजूद अमिता सिंह, उनके भांजे और छोटे दामाद ने खाना खाया।
परिजनों के मुताबिक, खाना खाने के बाद सभी की तबीयत प्रभावित हुई। भांजे और छोटे दामाद को बाद में होश आ गया, जबकि अमिता सिंह की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अमिता सिंह के भाई राजेश तलवार ने बताया कि घरेलू सहायक को करीब 20 से 25 दिन पहले ऑनलाइन एजेंसी के माध्यम से घर के कामकाज के लिए रखा गया था। उनके मुताबिक, घटना के बाद घर से कैश और लाखों रुपये की ज्वेलरी गायब मिली।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बसंत विहार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर से गायब कैश और ज्वेलरी की कीमत का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही घटना के समय घर में मौजूद लोगों और घरेलू सहायक की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी घरेलू सहायक की पहचान और तलाश में जुटी है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पार्षद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी घरेलू सहायक की तलाश के साथ ही घर से गायब कैश और ज्वेलरी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घरेलू सहायक के पकड़े जाने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।







