चमोली: बदरीनाथ धाम में अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने पहुंचे तमिलनाडु के एक यात्री के अलकनंदा नदी में बहने की घटना सामने आई है। हादसा नंदप्रयाग में नंदाकिनी और अलकनंदा नदी के संगम के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तर्पण के बाद अपनी माता के लिए नदी से जल लेने गए 40 वर्षीय गुरु प्रसाद का अचानक पैर फिसल गया और वह अलकनंदा की तेज धारा में जा गिरे।
घटना के बाद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, देर शाम तक गुरु प्रसाद का कोई पता नहीं चल पाया था।
पिता का तर्पण करने पहुंचे थे बदरीनाथ
नंदप्रयाग पुलिस के मुताबिक, तमिलनाडु निवासी गुरु प्रसाद पुत्र वेंकट रमन अपनी माता के साथ करीब 60 श्रद्धालुओं के दल में बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आए थे। करीब एक वर्ष पहले उनके पिता का निधन हुआ था। इसी के चलते गुरु प्रसाद अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने बदरीनाथ धाम जा रहे थे।
यात्रा के दौरान नंदप्रयाग में नंदाकिनी और अलकनंदा नदी के संगम पर उन्होंने अपने पिता का तर्पण किया। इसके बाद वह अपनी माता के लिए जल लेने नदी के किनारे पहुंचे।
पैर फिसलने से तेज बहाव में बहे
बताया गया कि नदी किनारे जल लेने के दौरान अचानक गुरु प्रसाद का पैर फिसल गया और वह अलकनंदा नदी के तेज बहाव में जा गिरे। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ कर पाते, वह तेज धारा में बह गए।
घटना के बाद अन्य यात्रियों और स्थानीय लोगों ने 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नंदप्रयाग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और नदी किनारे तथा आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की।
पुलिस और SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस और राहत टीमों की ओर से अलकनंदा नदी के संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। नदी का तेज बहाव और कठिन परिस्थितियां सर्च ऑपरेशन में चुनौती बनी हुई हैं।
नंदप्रयाग चौकी प्रभारी संपूर्णानंद जुयाल ने बताया कि तमिलनाडु से करीब 60 श्रद्धालुओं का दल बदरीनाथ आया हुआ है। 30 सितंबर को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच गुरु प्रसाद नंदप्रयाग में अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने के बाद जल लेने नदी किनारे गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में बह गए। घटना के बाद से पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है।
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गुरु प्रसाद की तलाश में जुटी हुई हैं।







