देहरादून: शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार देर रात प्रशासन की कई मजिस्ट्रेट टीमों ने देहरादून शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में शराब की दुकानों पर औचक छापेमारी की।
जांच के दौरान कई दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचने, स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं होने, अनाधिकृत सेल्समैन और निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं होने समेत कई अनियमितताएं सामने आईं।
देर रात कई टीमों ने की शराब की दुकानों की जांच
शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतें जिलाधिकारी आशीष चौहान को मिल रही थीं। इसके बाद उनके निर्देश पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह और एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने शराब की दुकानों की जांच की।
जांच के दौरान संबंधित क्षेत्रों के आबकारी निरीक्षक भी टीमों के साथ मौजूद रहे।
ISBT की दुकान पर ओवररेटिंग, 42 बोतलों के बैच नंबर नहीं मिले
सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर की टीम ने माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत जांच में सही पाई गई।
जांच के दौरान दुकान में रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खाए। इसके अलावा दुकान पर अनाधिकृत सेल्समैन भी पाए गए और निर्धारित रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं थी।
प्रेमनगर में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला
एसडीएम मुख्यालय की टीम ने प्रेमनगर क्षेत्र में शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। इसके अलावा वहां भी अनाधिकृत सेल्समैन पाए गए।
जाखन और राजपुर रोड पर भी मिलीं अनियमितताएं
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की टीम ने जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की कई शराब की दुकानों की जांच की। यहां स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं होने, निर्धारित रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित नहीं करने तथा अनाधिकृत सेल्समैन मिलने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
प्रशासन की टीमों ने जांच के दौरान स्टॉक, बिक्री अभिलेख, बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता और शिकायत नंबर समेत कई बिंदुओं की जांच की।
डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने कहा कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनाधिकृत व्यक्तियों से बिक्री और अभिलेखों में अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को शराब की दुकानों पर नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।







