देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी हाल ही में बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंक कर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले कथित सुपारी किलरों में शामिल था।
बैंक कर्मी पर फायरिंग के मामले में चल रही थी तलाश
देहरादून पुलिस के अनुसार 8 सितंबर को एक महिला ने पटेल नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह अपने फुफेरे भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। इस दौरान वी मार्ट चौक से आगे बड़ोवाला क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के सामने मोटरसाइकिल लगाकर फायरिंग कर दी।
गोली महिला के भाई को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
सूचना मिलते ही बिछाया जाल
घटना की जांच के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात के इरादे से देहरादून आए हुए हैं।
सूचना मिलते ही पटेल नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
चाय बागान की पगडंडी पर हुई मुठभेड़
चेकिंग के दौरान गोरखपुर चौक पर पुलिस ने बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख दोनों युवक बाइक लेकर प्रेमनगर रोड की ओर भाग निकले।
पुलिस ने पीछा किया तो दोनों आरोपी चाय बागान की पगडंडी के पास बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान अंकित चौहान के रूप में
मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान अंकित चौहान निवासी केशव नगर, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान अंकुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस के साथ एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
5 लाख रुपये की सुपारी में हुआ था हमला
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी के अनुसार उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर एक बैंक कर्मी की हत्या की सुपारी ली थी। इसके बदले उन्हें 5 लाख रुपये देने का सौदा हुआ था।
आरोपी ने बताया कि एक महिला बैंक कर्मचारी ने अपने परिचित मोहित के माध्यम से उससे संपर्क किया था। महिला का आरोप था कि बिजनौर निवासी सत्यम कुमार ने कई वर्षों तक शादी का झांसा दिया और बाद में किसी अन्य युवती से सगाई कर ली।
इसी रंजिश के चलते महिला ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और कथित तौर पर 5 लाख रुपये में उसकी हत्या की सुपारी दी गई। आरोपी को अग्रिम भुगतान के रूप में 1 लाख 20 हजार रुपये भी दिए गए थे।
देहरादून आकर की थी रेकी
पुलिस के अनुसार महिला ने आरोपी को सत्यम की फोटो उपलब्ध कराई थी और देहरादून स्थित उसके कार्यस्थल की जानकारी भी दी थी। 8 सितंबर को अंकित और अंकुर देहरादून पहुंचे और उज्जीवन बैंक के बाहर सत्यम की निगरानी करते रहे।
शाम करीब 7:45 बजे सत्यम के बैंक से बाहर निकलने पर दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया और बड़ोवाला क्षेत्र में सुनसान जगह पर उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
दिल्ली और हरियाणा में छिपे थे आरोपी
गोलीकांड के बाद दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए पहले दिल्ली और फिर हरियाणा भाग गए थे। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात वे बकाया रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस की चेकिंग में उनकी मौजूदगी की सूचना मिली और मुठभेड़ हो गई।
फरार आरोपी की तलाश जारी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार आरोपी अंकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सुपारी देने के आरोपों की भी गहन पड़ताल की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।







