डीएम गौरव कुमार और एसपी अमित श्रीवास्तव ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पुलिस जवानों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
चमोली: राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। रविवार, 29 नवंबर को आयोजित परीक्षा के मद्देनजर जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारी और जवान पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने और परीक्षा की गरिमा एवं निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए।
एचएचएमडी से जांच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एचएचएमडी (हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर) के माध्यम से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
एलआईयू और एसओजी की टीमें भी सक्रिय
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एलआईयू और एसओजी की टीमें भी सक्रिय हैं। ये टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की भ्रामक सूचना या अफवाह से परीक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
इसके अलावा जोनल और सेक्टर अधिकारियों की ओर से भी समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर पुलिस ड्यूटी की समीक्षा की जा रही है। चमोली पुलिस ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती है।







