हरिद्वार: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्याकांड के बाद घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में दो बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद पैदल भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुछ दूरी पर बाइक लेकर इंतजार कर रहे अपने तीसरे साथी तक पहुंचे और फिर जंगल के रास्ते फरार हो गए।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में दो युवक मुंह बांधे हुए तेजी से भागते नजर आ रहे हैं। दोनों के हाथों में हथियार दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक युवक के कंधे पर पिट्ठू बैग भी नजर आ रहा है। फुटेज में दोनों एक दुकान के सामने से गुजरते हुए अंधेरे और खाली प्लॉट की ओर जाते दिखते हैं। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग उनका पीछा करते भी दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बदमाशों के हाथों में हथियार होने और उनके द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने के कारण लोग उन्हें पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। आरोपियों ने भागते समय लोगों में दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायर भी किए थे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वारदात के बाद दोनों आरोपी पैदल एक तय स्थान तक पहुंचे, जहां उनका तीसरा साथी बाइक लेकर पहले से मौजूद था। इसके बाद तीनों आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के पूरे रूट की पड़ताल कर रही है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
दरअसल, शान्तरशाह गांव निवासी हैप्पी बहादराबाद-शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था। सोमवार शाम दो बदमाश पैदल उसकी दुकान पर पहुंचे और अंदर घुसते ही उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बदमाश हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जबकि सीआईयू भी मामले की जांच में जुटी हुई है।
देर रात एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने जांच अधिकारियों से भी मामले की प्रगति पर रिपोर्ट ली।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। हालांकि जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए फिलहाल इनका खुलासा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।







