रुद्रप्रयाग: सिलगढ़ क्षेत्र के कुरछोला स्थित अर्जुन बैंड के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। जिस परिवार में बारात की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। रविवार को हुए हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों का सोमवार को सूर्यप्रयाग घाट पर एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। घाट पर जब एक साथ तीन चिताएं जलीं तो वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि एक ही परिवार की दो बहुएं सुनीता देवी और बसंती देवी भी दुर्घटना का शिकार हो गईं। देवरानी और जेठानी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस घटना ने पहाड़ी सड़कों की बदहाल स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बारात का वाहन खाई में गिरा, तीन लोगों की हुई मौत
गौरतलब है कि रविवार को अर्जुन बैंड के पास बारात में शामिल एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा था। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में वाहन चालक समेत दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति लापता हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और खोज एवं बचाव अभियान चलाया। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। सोमवार को तीनों मृतकों का सूर्यप्रयाग घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
सड़क की बदहाली और क्रॉस बैरियर नहीं होने पर उठे सवाल
हादसे के बाद घटनास्थल पर सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि अर्जुन बैंड के समीप सड़क की स्थिति बेहद खराब है। यहां तीव्र ढलान के साथ सड़क भी क्षतिग्रस्त है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्रॉस बैरियर तक नहीं लगाए गए हैं।
निर्मला बहुगुणा के मुताबिक, इस स्थान पर पहले भी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां क्रॉस बैरियर लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी स्थान पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है तो वहां सुरक्षा इंतजाम करने में देरी क्यों की जा रही है? उन्होंने जनपद में लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाले अन्य मार्गों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई। उनके अनुसार, कई जगह क्षतिग्रस्त सड़कें, असुरक्षित मोड़ और सुरक्षा उपायों का अभाव वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर क्रॉस बैरियर समेत अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने की मजिस्ट्रियल जांच की मांग
कांग्रेस नेता अर्जुन गहरवार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।
उन्होंने मांग की कि जांच में यह भी स्पष्ट किया जाए कि घटनास्थल पर सड़क की स्थिति कैसी थी और दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए। यदि जांच में किसी विभागीय अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
जिलाधिकारी ने दिए सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश
वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जनपद के जिन संपर्क मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से क्रॉस बैरियर लगाए जाने आवश्यक हैं, वहां संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
बहरहाल, अर्जुन बैंड हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन लोगों की मौत के बाद अब स्थानीय लोग दुर्घटना संभावित मार्गों पर जल्द से जल्द पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। सवाल यह है कि क्या प्रशासन और संबंधित विभाग समय रहते संवेदनशील स्थानों पर क्रॉस बैरियर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करेंगे, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके?






