रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग में बाघ का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। रामनगर के फाटो वन गुज्जर खत्ते में मवेशियों को चराने गए 22 वर्षीय युवक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इसके बाद बाघ उसे घसीटकर जंगल के अंदर ले गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद युवक का शव जंगल से बरामद हुआ। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
अचानक बाघ ने किया हमला, जंगल में घसीटकर ले गया
जानकारी के मुताबिक, ढेला के फाटो वन गुज्जर खत्ता निवासी दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा (22 वर्ष) अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास अचानक बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल के अंदर ले गया।
बेटे को बाघ के घसीटकर ले जाने का दृश्य देखकर मां और अन्य परिजन घबरा गए। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और वन विभाग को घटना की सूचना दी।
दो घंटे की तलाश के बाद जंगल में मिला शव
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद दिलशाद का शव जंगल से बरामद हुआ।
मृतक के मामा याकूब ने बताया कि दिलशाद अपनी मां और चचेरे भाई के साथ डेरे से लगभग 200 मीटर दूर मवेशियों को चरा रहा था। इसी दौरान सफारी के लिए इस्तेमाल होने वाली सड़क की ओर से आए बाघ ने उस पर हमला किया और घसीटकर जंगल में ले गया। काफी तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ।
क्या बोले वन विभाग के अधिकारी?
फाटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 में हुई है। एक वन गुज्जर परिवार जंगल में अपने मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परिजनों को मुआवजा देने की कार्रवाई जारी
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद फाटो वन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। वहीं, जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।






