देहरादून: ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हथियारबंद डकैती डालकर फरार हुआ था आरोपी, दिल्ली-बिहार और बंगाल में बदल रहा था ठिकाने
देहरादून: उत्तराखंड में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ और देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शौकत अली को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2009 में देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हुई हथियारबंद डकैती के मामले में वांछित था। इसके अलावा हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मुकदमे में भी उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी पिछले 17 वर्षों से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में पहचान छिपाकर रह रहा था। आखिरकार उत्तराखंड एसटीएफ और बसंत विहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत उसे पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से गिरफ्तार कर लिया।
2009 में ओएनजीसी महाप्रबंधक के घर डाली थी डकैती
पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को बसंत विहार निवासी ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि पांच हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुस आए थे। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और हथियारों के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की तो राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली के नाम सामने आए। पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था।
एक लाख रुपये का इनाम था घोषित
लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर तत्कालीन एसएसपी देहरादून ने शौकत अली पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखंड ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा।
कोलकाता क्षेत्र में छिपकर कर रहा था काम
वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को थाना भाटपाड़ा, जिला उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि गिरफ्तार शौकत अली मूल रूप से अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ का निवासी है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 1991 से आपराधिक मामले दर्ज होने का इतिहास सामने आया है। वर्ष 2005 में मेरठ के देहली गेट थाने में हत्या से संबंधित मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, वर्ष 2009 में हल्द्वानी कोतवाली में भी डकैती और अन्य गंभीर धाराओं में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि प्रदेश में वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





