करीब 22 किलो गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद, नशे के अवैध कारोबार से जुटाए गए 3.54 लाख रुपये भी मिले
रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने पांच महिलाओं समेत आठ नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 22 किलो गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई 3 लाख 54 हजार 200 रुपये की नकदी भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत हुई कार्रवाई
देवभूमि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पांच महिलाओं समेत आठ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला गूलरघट्टी निवासी कामेश त्यागी के कब्जे से चार किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। वहीं, रेलवे पड़ाव निवासी सागर के पास से चार नशीले इंजेक्शन और सिरिंज मिलीं। नागा बाबा मंदिर रोड निवासी इमरान के कब्जे से नशीले इंजेक्शन की 10 शीशियां और 22 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
इसके अलावा ग्राम थारी निवासी पैसों कौर के कब्जे से दो किलो गांजा बरामद हुआ। इसी गांव की सीमा कौर और प्रकाश कौर के पास से पुलिस ने कुल 16 किलो अवैध गांजा बरामद किया।
दो महिलाओं के पास से 3.54 लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस की कार्रवाई में ग्राम हल्दुआ निवासी मनप्रीत कौर के कब्जे से 12 ग्राम स्मैक और 3 लाख 35 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। वहीं, इसी गांव की राधा के पास से दो ग्राम स्मैक और 19 हजार 200 रुपये नकद मिले।
पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं के कब्जे से बरामद कुल 3 लाख 54 हजार 200 रुपये नशे के अवैध कारोबार से अर्जित किए गए थे।
नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
रामनगर के कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।





