बलबीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में हवन-पूजन के साथ चुनावी तैयारियों का आगाज, महेंद्र भट्ट बोले- विकास कार्यों के दम पर फिर बनाएंगे सरकार
देहरादून: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजधानी देहरादून के बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान के बीच चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कैबिनेट मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों को औपचारिक रूप से गति दे दी है। मुख्यालय में मंत्रोच्चार, हवन और यज्ञ के बीच हुए कार्यक्रम को पार्टी की चुनावी तैयारियों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, पूरी ताकत से मैदान में उतरने की तैयारी
चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश प्रभारी राम माधव ने विधिवत रूप से चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया है। इससे पार्टी की चुनावी तैयारियों को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यालय के शुभारंभ से पहले विधि-विधान के साथ हवन और यज्ञ किया गया। पार्टी की परंपरा के अनुसार किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान के साथ की जाती है। यह चुनाव कार्यालय अब विधानसभा चुनाव तक लगातार सक्रिय रहेगा। यहीं से पार्टी की चुनावी रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा।
भाजपा के लिए लकी रहा है यह चुनाव कार्यालय
महेंद्र भट्ट ने चुनाव कार्यालय को पार्टी के लिए खास और भाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा कि बलबीर रोड स्थित इस कार्यालय से भाजपा का पुराना जुड़ाव रहा है। इससे पहले भी कई चुनावों में पार्टी ने इसी स्थान से अपनी चुनावी गतिविधियां संचालित की हैं और जीत हासिल की है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी इसी कार्यालय से चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी और भाजपा अपनी जीत का सिलसिला आगे बढ़ाएगी।
जल्द गठित होंगी चुनावी समितियां, जनता के सामने आएगा सरकार का रिपोर्ट कार्ड
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी तैयारियों को लेकर आगे की रणनीति भी साझा की। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव से संबंधित विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा और उनके नामों की घोषणा जल्द की जाएगी।
इसके साथ ही भाजपा सरकार के पांच से दस साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखने की तैयारी कर रही है। पार्टी की कोशिश है कि सरकार के कामकाज, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को व्यवस्थित तरीके से जनता तक पहुंचाया जाए।
वहीं, प्रदेश मुख्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। भाजपा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन और संगठनात्मक गतिविधियों की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।





