हरिद्वार: कनखल कोतवाली क्षेत्र में बीती देर रात गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक के नीचे दो कारें दब गईं। हरियाणा नंबर की एक कार पूरी तरह गन्नों और ट्रक के नीचे दब गई, जबकि दूसरी उत्तराखंड नंबर की कार का पिछला हिस्सा ट्रक की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों कारों में कोई सवार नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
प्रेमनगर तिराहे के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, इन दिनों शुगर मिलों में पेराई सत्र शुरू होने के चलते बड़ी संख्या में किसान गन्ना लेकर मिलों तक पहुंच रहे हैं। इसी दौरान देर रात गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक नेशनल हाईवे की सर्विस रोड से गुजर रहा था। प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया।
ट्रक पलटते ही सर्विस लेन के किनारे खड़ी दो कारें उसकी चपेट में आ गईं। बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार रिश्तेदारी में हरिद्वार आया था। हादसे के समय कार सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें कोई मौजूद नहीं था। ट्रक में लदे गन्नों से कार पूरी तरह ढक गई। वहीं, दूसरी उत्तराखंड नंबर की कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे दब गया।
मौके पर जुटी भीड़, चालक के नशे में होने का आरोप
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था और हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
सूचना पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रक को खाली कराया और उसे हटाकर दोनों कारों को बाहर निकाला। इसके बाद सर्विस रोड को यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया।
हादसे में कोई जनहानि नहीं
एसएसआई अनुज सिंह के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक को हटाकर दोनों कारों को बाहर निकाला गया और हाईवे की सर्विस लेन पर यातायात बहाल करा दिया गया। हादसे में कारों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रक चालक मौके से फरार है और मामले की जांच की जा रही है।
ओवरलोड वाहनों के संचालन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे और आसपास की सड़कों पर ओवरलोड गन्ने से भरे वाहन लगातार दौड़ रहे हैं। इससे सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। इस घटना ने एक बार फिर सड़कों पर ओवरलोड वाहनों के संचालन और उनकी निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।






