चमोली पुलिस की मेहनत लाई रंग, बच्चे की सुरक्षित घर वापसी से परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
चमोली: जनपद चमोली के नंदानगर से करीब दो महीने पहले लापता हुए 13 वर्षीय नाबालिग बालक को पुलिस ने ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर लिया है। नंदानगर पुलिस की लगातार तलाश और प्रयासों के बाद 26 नवंबर को बालक को ऋषिकेश, जनपद देहरादून से खोज निकाला गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद बेटे की सुरक्षित वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है।
7 सितंबर की रात घर से लापता हुआ था बालक
पुलिस के मुताबिक, नंदानगर निवासी एक व्यक्ति ने 11 सितंबर 2026 को थाना नंदानगर में तहरीर देकर बताया था कि उनका 13 वर्षीय बेटा 7 सितंबर की रात करीब 7:45 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की गंभीरता और नाबालिग की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने थाना नंदानगर में मु0अ0सं0 24/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
ऋषिकेश से पुलिस ने सकुशल किया बरामद
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बालक की तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए संभावित स्थानों पर तलाश की। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद 26 नवंबर 2026 को लापता बालक को ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया और फिर सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
चमोली पुलिस का परिजनों ने जताया आभार
करीब दो महीने बाद अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने चमोली पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
बालक की बरामदगी में उपनिरीक्षक मनोज भट्ट, हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह और कांस्टेबल शोभन सिंह की अहम भूमिका रही।





