पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको वैन, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत

रिखणीखाल के कलवाड़ी गांव के पास हादसा, वाहन में सवार 12 लोगों में से 4 घायल; सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी, बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर लौट रहे थे

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसा रिखणीखाल थाना क्षेत्र में कलवाड़ी गांव के समीप हुआ, जहां यात्रियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। हादसे में जान गंवाने वालों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के रहने वाले थे।

रिखणीखाल से भंगलवाड़ जा रहा था वाहन

पुलिस के मुताबिक, वाहन संख्या UK15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान चार घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार दिया गया।

7 महिलाओं और चालक की मौत

हादसे में पुलिस ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • कांति देवी (45 वर्ष), पत्नी दिनेश चंद्र, निवासी भंगलवाड़।
  • रेखा देवी (42 वर्ष), पत्नी प्रेम सिंह, निवासी भंगलवाड़।
  • सुमित्रा देवी (50 वर्ष), पत्नी रमेश सिंह, निवासी भंगलवाड़।
  • सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी मदन सिंह, निवासी भंगलवाड़।
  • धनेश्वरी देवी (46 वर्ष), पत्नी किशन चंद्र, निवासी भंगलवाड़।
  • सरोजनी देवी (38 वर्ष), पत्नी मोहन सिंह, निवासी भंगलवाड़।
  • रजनी देवी (25 वर्ष), निवासी भंगलवाड़।
  • अनिल देबराड़ा (48 वर्ष), पुत्र जयानंद, निवासी भंगलवाड़, वाहन चालक।

बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर लौट रही थीं महिलाएं

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव भंगलवाड़ लौट रही थीं। लेकिन कलवाड़ी गांव के पास वाहन हादसे का शिकार हो गया और आठ लोगों की जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

चार लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे में घायल चार लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • शशि देवी (35 वर्ष), पत्नी गजेंद्र सिंह, निवासी भंगलवाड़।
  • शकुंतला देवी (45 वर्ष), पत्नी महेंद्र सिंह, निवासी भंगलवाड़।
  • जगदीश सिंह, पुत्र भोपाल सिंह, निवासी भंगलवाड़।
  • सत्यवती देवी (36 वर्ष), पत्नी जगदीश सिंह, निवासी भंगलवाड़।

घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाकर उपचार दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से राहत और उपचार संबंधी व्यवस्थाएं की गईं।

भंगलवाड़ गांव में पसरा मातम, सीएम धामी ने जताया दुख

एक ही गांव के आठ लोगों की मौत की खबर से भंगलवाड़ गांव में शोक की लहर है। हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

Related Posts

उत्तरकाशी में मांगों को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, पेट्रोल की बोतल लेकर झूला पुल के पिलर पर चढ़े पूर्व प्रधान

मस्ताड़ी गांव के विस्थापन समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन, ग्रामीणों ने उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग किया जाम; डीएम प्रशांत आर्य के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन उत्तरकाशी: मस्ताड़ी गांव…

देहरादून में आज रात 10:05 बजे बजेगा एयर रेड अलर्ट का सायरन, 25 मिनट तक चलेगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

तीन स्थानों पर होगा ‘नाइट एयर रेड’ और ‘ब्लैकआउट’ का अभ्यास, रात 10:30 बजे दोबारा सायरन बजाकर दिया जाएगा ऑल क्लियर का संकेत; प्रशासन ने लोगों से न घबराने की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

उत्तरकाशी में मांगों को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, पेट्रोल की बोतल लेकर झूला पुल के पिलर पर चढ़े पूर्व प्रधान

  • By Admin
  • November 28, 2026
  • 9 views
उत्तरकाशी में मांगों को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, पेट्रोल की बोतल लेकर झूला पुल के पिलर पर चढ़े पूर्व प्रधान

देहरादून में आज रात 10:05 बजे बजेगा एयर रेड अलर्ट का सायरन, 25 मिनट तक चलेगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

  • By Admin
  • November 28, 2026
  • 15 views
देहरादून में आज रात 10:05 बजे बजेगा एयर रेड अलर्ट का सायरन, 25 मिनट तक चलेगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको वैन, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत

  • By Admin
  • November 28, 2026
  • 10 views
पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको वैन, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत

दो महीने से लापता 13 वर्षीय बालक ऋषिकेश से सकुशल बरामद, नंदानगर पुलिस ने परिजनों को सौंपा

  • By Admin
  • November 27, 2026
  • 12 views
दो महीने से लापता 13 वर्षीय बालक ऋषिकेश से सकुशल बरामद, नंदानगर पुलिस ने परिजनों को सौंपा

उत्तराखंड में भाजपा ने फूंका 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल, CM धामी और राम माधव ने किया चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

  • By Admin
  • November 26, 2026
  • 12 views
उत्तराखंड में भाजपा ने फूंका 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल, CM धामी और राम माधव ने किया चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

रामनगर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 5 महिलाओं समेत 8 तस्कर गिरफ्तार

  • By Admin
  • November 26, 2026
  • 16 views
रामनगर में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 5 महिलाओं समेत 8 तस्कर गिरफ्तार