चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंपावत जिले के टनकपुर स्थित बूम क्षेत्र में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत करते हुए क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने 60 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले शारदा तटबंध निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. साथ ही 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की आधारशिला भी रखी.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसमस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए.
शारदा और हुड्डी नदी से कटाव-बाढ़ की समस्या का होगा समाधान
टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग स्थित बूम क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शारदा तटबंध परियोजना का शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शारदा और हुड्डी नदी से होने वाले कटाव और बाढ़ की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से स्थानीय लोगों के जीवन, आजीविका और सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा.
विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
महिलाओं के बीच पहुंचे सीएम, चूल्हे पर बनाई मंडुवे की रोटी
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच पहुंचे. उन्होंने पारंपरिक चूल्हे पर महिलाओं के साथ मंडुवे की रोटी बनाई और सिल-बट्टे पर नमक भी पीसा.
मुख्यमंत्री का यह सहज और पारंपरिक अंदाज कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा. महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार का स्वागत किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.
“चंपावत जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. हमारी कोशिश है कि सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
कार्यकर्ताओं में भरा जोश, 2027 चुनाव की तैयारियों पर दिया जोर
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भी संवाद किया. उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया.
शारदा कॉरिडोर परियोजना पर भी तेजी से चल रहा काम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने बताया कि करीब 3,300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शारदा कॉरिडोर का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी.
विकास और जनसंपर्क दोनों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री के इस दौरे में विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ-साथ जनसंवाद और महिला सशक्तिकरण की झलक भी देखने को मिली. करोड़ों रुपये की योजनाओं के शुभारंभ से जहां क्षेत्र में बाढ़ और कटाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं मुख्यमंत्री का आम जनता और महिला समूहों के बीच सहज संवाद कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बना रहा.







