लकड़ी के दो मंजिला भवन में तेजी से फैली आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू; रेस्टोरेंट का पूरा सामान जलकर राख
अल्मोड़ा: नगर के चौघानपाटा स्थित एक रेस्टोरेंट में गैस रिसाव के कारण भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और रेस्टोरेंट के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय रेस्टोरेंट में रोज की तरह कामकाज चल रहा था और कुछ ग्राहक भी चाय-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान एक गैस सिलेंडर खाली हो गया, जिसे बदलकर नया सिलेंडर लगाया गया। नया सिलेंडर लगाने के कुछ ही देर बाद गैस पाइप से रिसाव शुरू हो गया और अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे किचन से होते हुए रेस्टोरेंट में फैल गई।
गैस रिसाव से भड़की आग
रेस्टोरेंट संचालिका उमा देवी ने बताया कि वह रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान खाली सिलेंडर की जगह नया सिलेंडर लगाया गया, लेकिन गैस रिसाव के कारण अचानक आग भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा रेस्टोरेंट उसकी चपेट में आ गया।
युवक की बहादुरी से टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान स्थानीय युवक शौरभ टम्टा ने साहस का परिचय देते हुए धुएं और आग के बीच रेस्टोरेंट के अंदर प्रवेश किया और वहां रखे दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। यदि सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता तो आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे और भारी जन-धन का नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने भी किया बचाव
आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
लाखों के नुकसान की आशंका
इस अग्निकांड में रेस्टोरेंट के भीतर रखा फर्नीचर, रसोई का सामान, खाद्य सामग्री और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास के भवनों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल आग लगने का प्रारंभिक कारण गैस पाइप से रिसाव माना जा रहा है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है, जबकि स्थानीय लोगों ने समय-समय पर गैस पाइप और सिलेंडरों की जांच कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।







