देहरादून: डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता और सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ जारी है, जबकि मामले में नामजद सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने पहले ही सीओ डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। इसी टीम ने साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सृष्टि कंडारी की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल), ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी।
शिकायत में कहा गया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर सृष्टि को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
सृष्टि का वीडियो बना जांच का अहम साक्ष्य
जांच के दौरान पुलिस ने सृष्टि की मां समेत अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान सृष्टि की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने घटना से पहले भेजा था।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो में सृष्टि ने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे कथित उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया था। जांच एजेंसी का कहना है कि इस वीडियो सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
हर्रावाला से पति और ननद गिरफ्तार
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना डोईवाला में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने शनिवार को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले में नामजद सास की भूमिका की भी गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सास की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए सृष्टि की सास ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। हालांकि, अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी है। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना भी बढ़ गई है।
क्या है पूरा मामला?
सृष्टि कंडारी एक सरकारी शिक्षिका थीं, जबकि उनके पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद से सृष्टि को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। परिवार का यह भी दावा है कि शादी के लगभग तीन महीने बाद सौरभ के पिता को दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद कथित तौर पर किसी पंडित की सलाह पर सृष्टि को “मनहूस” कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
बताया जा रहा है कि हाल ही में ससुर के निधन के बाद सृष्टि पर मानसिक दबाव और बढ़ गया था।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
सृष्टि की मां सीमा कंडारी के अनुसार, 28 और 29 जुलाई के दौरान जब उनकी बेटी से संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा। वहां पहुंचने पर पता चला कि सृष्टि अस्पताल में भर्ती है। जब तक परिवार देहरादून पहुंचा, तब तक सृष्टि की मौत हो चुकी थी।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।







