डोईवाला: देहरादून रोड पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जौलीग्रांट से देहरादून जा रहे एक युवक की चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ से उसकी जान बच गई, वरना हादसा भयावह रूप ले सकता था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे **हिमांशु जोशी पुत्रहिमांशु जोशी पुत्र नरेश चंद्र जोशी, निवासी डालनवाला, देहरादून अपनी कार से जौलीग्रांट से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे देहरादून रोड पर पहुंची, कार के अगले हिस्से से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं।
उस समय कार में हिमांशु अकेले सवार थे। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत कार सड़क किनारे रोकी और बाहर निकल आए। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया और कार का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना शाम 7:34 बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और हेड कांस्टेबल जसपाल पंवार मौके के लिए रवाना हुए और महज 11 मिनट में शाम 7:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन के तकनीकी परीक्षण की भी तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गर्मी और बारिश के मौसम में वाहनों की नियमित सर्विस कराएं, वायरिंग और इंजन की समय-समय पर जांच करवाएं तथा कार में फायर एक्सटिंग्विशर अवश्य रखें, ताकि आपात स्थिति में बड़े हादसे से बचा जा सके।







