चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। विकासखंड पाटी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड पाटी के कानाकोट-सिरतोली मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे कार संख्या यूके 04-6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही थी। सिरतोली के पास पहुंचते ही कार अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान वाहन स्वामी एवं चालक कमल सिंह बोहरा (58) पुत्र रघुवर सिंह, निवासी कानाकोट और बबलू चौधरी (38) पुत्र गंगा चौधरी, निवासी वार्ड नंबर 18, बगही बकुलिया टोला, पोस्ट ऑफिस बगही रतनपुर, थाना बैरिया, जिला पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके से गुजर रही अद्वैत आश्रम मायावती, लोहाघाट की एंबुलेंस ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए उपजिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
उपजिला अस्पताल लोहाघाट के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम लोहाघाट में कराया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कमल सिंह बोहरा लोहियाहेड पावर हाउस, खटीमा में एसएसओ (स्विचिंग स्टेशन ऑपरेटर) के पद पर कार्यरत थे, जबकि बबलू चौधरी कारपेंटर का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए लोहाघाट जा रहे थे।
जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क काफी संकरी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एंबुलेंस को रास्ता देते समय कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे खाई में जा गिरी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे की खबर से कानाकोट और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।







