विकासनगर: डाकपत्थर से हर्बटपुर की ओर जा रही एक कार के शक्तिनहर में गिरने के मामले में तीसरे दिन भी चालक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। गुरुवार शाम को ढकरानी इंटेक के पास से कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात एक कार डाकपत्थर से हर्बटपुर की ओर जा रही थी। पुल नंबर-1 के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर शक्तिनहर में जा गिरी। घटना के समय आसपास से गुजर रहे लोगों ने नहर में कार की लाइटें देखीं और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही विकासनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार नहर के तेज बहाव में समा चुकी थी। रात में ही एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन बरसात के कारण नहर का पानी मटमैला होने से कार का कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार को भी पुलिस और एसडीआरएफ ने दोबारा व्यापक स्तर पर सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन कार और चालक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम को भी अभियान में शामिल किया गया। संयुक्त टीमों ने शक्तिनहर में कई स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया।
ढकरानी इंटेक के पास मिली कार
लगातार सर्चिंग के दौरान गुरुवार शाम करीब सात बजे ढकरानी इंटेक के समीप कार का पता चला। इसके बाद क्रेन की मदद से वाहन को नहर से बाहर निकाला गया। कार बरामद होने के बाद चालक की तलाश और तेज कर दी गई है।
बाजार चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गोसाईं ने बताया कि घटना की रात आयुष पुंडीर पुत्र नीरज पुंडीर, निवासी यमुना कॉलोनी विकासनगर, चौकी बाजार पहुंचे थे और अपने भाई रजत पुंडीर के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि रजत पुंडीर अपनी किआ सोनेट (KIA Sonet) कार के साथ डाकपत्थर क्षेत्र से लापता हैं।
पुलिस के अनुसार, संबंधित विभागों से समन्वय कर शक्तिनहर का जलस्तर भी कम कराया गया, ताकि सर्च अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जा सके। अभियान के दौरान बरामद वाहन की पहचान रजत पुंडीर पुत्र नीरज पुंडीर, निवासी यमुना कॉलोनी, डाकपत्थर, विकासनगर के रूप में हुई है।
चालक की तलाश जारी
कार बरामद होने के बावजूद चालक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार नहर और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि चालक की तलाश के लिए अभियान जारी रहेगा और हर संभावित स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
उधर, रजत पुंडीर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन लगातार घटनास्थल और सर्च अभियान की जानकारी ले रहे हैं। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है, जबकि स्थानीय लोग भी युवक की सकुशल बरामदगी की प्रार्थना कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और राहत एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और चालक की तलाश में हर संभव प्रयास कर रही हैं।







