चंपावत: बनबसा में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दौरा पूरी तरह युवाओं के नाम रहा। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद कर शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि मामले में कानून अपना काम करेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत बनबसा पहुंचे, जहां उन्होंने युवाओं और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात की। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
युवाओं के सवालों का दिया जवाब
युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के सामने शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर से जुड़े विभिन्न सवाल रखे। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। साथ ही उन्होंने युवा आयोग के गठन की दिशा में चल रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
राहुल गांधी मामले पर दिया बयान
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधिक प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई होगी और कानून अपना काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार समाज को बांटने और सनातन संस्कृति का अपमान करने का प्रयास कर रही है।
“राहुल गांधी ने दलितों का अपमान किया है। इस मामले में कानून अपना काम करेगा और संबंधित विषय पर विधिक प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई होगी। कांग्रेस जो आरोप लगा रही है, उसके पास कोई सबूत नहीं है। वह सिर्फ सनातन का अपमान और लोगों को बांटने का काम कर रही है। यह उत्तराखंड है, जहां सबका सम्मान होता है। जिस रामलीला मैदान प्रकरण पर वह आरोप लगा रहे हैं, वहां वाल्मीकि समाज के लोग भी शामिल थे। वह कैसे एससी समाज का अपमान कर सकते हैं।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
युवाओं को बताया राज्य का भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा ही कल के भारत और उत्तराखंड का भविष्य है। सरकार की प्राथमिकता युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ खुलकर संवाद किया और अपनी समस्याओं व सुझावों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने भी युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और राज्य निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।







