हल्द्वानी: सोशल मीडिया पर लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स बढ़ाने का जुनून एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि अब उसे जेल की हवा खानी पड़ रही है। हल्द्वानी में खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाने वाले युवक का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी रोहित सिंह मेहता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम को सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नाम का एक युवक सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सेना की वर्दी में तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रहा है। इतना ही नहीं, वह फर्जी आर्मी आईडी कार्ड का भी इस्तेमाल कर रहा था। जांच के दौरान उसके भारतीय सेना में होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन और उनकी टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की तो पता चला कि आरोपी हल्द्वानी स्थित बिरला ओपस पेंट के एक गोदाम में काम करता है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की तस्वीरें डाउनलोड की थीं। बाद में एआई (AI) तकनीक की मदद से अपनी मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार कर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर दिखाया। इन तस्वीरों और वीडियो को उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, जिससे लोग उसे सेना का अधिकारी समझें।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मकसद सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना और अपनी फॉलोइंग बढ़ाना था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह सेना के अधिकारी की फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर महिलाओं और युवतियों को प्रभावित करने की कोशिश करता था।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फर्जी फोटो और वीडियो के जरिए महिलाओं को लुभाने का प्रयास कर रहा था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना की वर्दी में तैयार की गई फोटो और वीडियो तथा एक फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आईडी कार्ड बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण करने, फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी से संबंधित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर पहचान पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल या फर्जी दस्तावेज की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।







