देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित केहरी गांव में बीती रात मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। प्रेमनगर थाने से कुछ ही दूरी पर मुख्य हाईवे पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
हाईवे पर मचा बवाल, राहगीरों में दहशत
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे से भिड़े हुए हैं। कुछ लोग सड़क किनारे पड़ी ईंटें उठाकर फेंक रहे हैं, जबकि कई लोग लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस झड़प में युवकों के साथ युवतियां और महिलाएं भी शामिल दिखाई दे रही हैं।
मुख्य हाईवे पर अचानक शुरू हुई इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर हंगामे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और वहां से गुजर रहे लोग सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
कई लोगों के घायल होने की सूचना
जानकारी के अनुसार इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हालांकि अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है।
शिकायत नहीं, फिर भी पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद अब तक किसी भी पक्ष की ओर से प्रेमनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस को जानकारी मिली है कि झड़प में घायल हुए लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के केहरी गांव में मुख्य सड़क पर हुई इस हिंसक झड़प ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। थाने से कुछ दूरी पर खुलेआम हुई मारपीट और सड़क पर लंबे समय तक चले बवाल ने स्थानीय लोगों को भी चिंतित कर दिया है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।







