हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। टांडा रोड पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि मृतकों के परिजनों में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे टांडा रोड स्थित एस बैंड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना एक राहगीर ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रुद्रपुर के रहने वाले थे दोनों युवक
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान और 24 वर्षीय वैभव छाबरा के रूप में हुई है। दोनों युवक उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित फुलसुंगी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवकों के सिर और चेहरे से काफी खून बह रहा था। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें बचाया नहीं जा सका।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां अपने बेटों की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के जरिए साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक की तेज रफ्तार माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अधिक गति के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।







