मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में एक रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर कुछ युवकों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि मसूरी पेट्रोल पंप क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में बैठे युवक और उसके साथियों पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में कई युवक हाथों में लाठी-डंडे लिए रेस्टोरेंट के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट की घटना नजर आ रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।
शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर बताया कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और आते ही उस पर तथा उसके साथियों पर हमला कर दिया। मनीष का आरोप है कि हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब भी पहन रखे थे। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हमले में मनीष और उसके कुछ साथी चोटिल हुए हैं।
घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी
घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच टीम फुटेज को कब्जे में लेकर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है।
मसूरी कोतवाली के एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना की शिकायत प्राप्त हुई है और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।







