बाजपुर: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कॉलेज परिसर के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान एक छात्रा समेत तीन छात्र घायल हो गए। वहीं निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष और एक अधिवक्ता सहित छह लोगों को हिरासत में लेने के बाद मामला और गरमा गया।
नामांकन के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोपहर करीब तीन बजे नामांकन समाप्त होने के बाद दो छात्र गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और कॉलेज परिसर के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जुट गए।
स्थिति की सूचना मिलने पर एसएसआई जसविंदर सिंह और एसआई देवेंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
लाठीचार्ज में तीन छात्र घायल
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को अलग करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। हालांकि छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं।
हंगामे के दौरान पूर्व कोषाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशी ध्रुव के प्रस्तावक विश्वजीत सिंह चौहान, छात्रा गुनगुन पवार और छात्र लोकेश घायल हो गए। पुलिस ने घायल विश्वजीत और लोकेश को सरकारी अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया।
अधिवक्ता समेत छह लोग हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने कॉलेज गेट के पास से निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा, अधिवक्ता रोशन पटेल और अन्य छात्रों समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
अधिवक्ता को हिरासत में लेने की सूचना मिलते ही स्थानीय वकील भी कोतवाली पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और अधिवक्ताओं के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई।
हंगामे के बाद छोड़े गए छात्र और अधिवक्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल नरेश चौहान ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए अधिवक्ता और छात्रों को छोड़ दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
अल्मोड़ा में आज से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
उधर अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, महासचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।
परिसर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर संजीव आर्या के अनुसार शनिवार दोपहर दो बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच कर शाम तक वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
29 सितंबर को होगा मतदान
छात्रसंघ चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को जनरल गैदरिंग आयोजित होगी, जिसमें सभी प्रत्याशी छात्रों के सामने अपना पक्ष रखेंगे। इसके बाद 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। वहीं तीन बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम घोषित कर विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।






