गोपेश्वर (चमोली)। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आज उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री श्री हरक सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमीन से जुड़े मामलों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक और निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के बीच झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री हरक सिंह नेगी ने देश की भूमि और सीमाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद अक्साई चिन का लगभग 38 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र चीन के नियंत्रण में चला गया, वहीं पाकिस्तान के कब्जे में जम्मू-कश्मीर का लगभग 78 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र है। कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में लिए गए फैसलों और राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की जमीन और राष्ट्रीय अस्मिता राजनीति का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रश्न है। जनता अब केवल आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि तथ्यों और जवाबदेही की राजनीति चाहती है।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं सैनिक प्रकोष्ठ संयोजक महेंद्र सिंह राणा, ज्येष्ठ प्रमुख विपिन कंडारी, दशोली मंडल महामंत्री बदरी रावत, यश प्रताप सिंह, गजेंद्र असवाल, गोविंद बजवाल, आयुष गौड़, महावीर फर्स्वाण सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए पार्टी की ओर से अपना पक्ष रखा।








