देहरादून: उत्तराखंड में ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने मामले में नवीन सिंह नेगी और कविता परमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अधिक मुनाफे और विदेश यात्राओं का लालच देकर लोगों को ऑनलाइन कंपनियों में निवेश के लिए जोड़ते थे। जांच में विदेश में बैठे मुख्य आरोपी लविश चौधरी का नाम भी सामने आया है, जिस पर कंपनियों के माध्यम से ठगी का नेटवर्क संचालित करने का आरोप है।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं करीब 10 मुकदमे
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मामले की जांच के लिए एसटीएफ के अधीन विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया था। आईजी नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज मुकदमों की एकीकृत जांच की जा रही है।
एसटीएफ के मुताबिक, निवेश के नाम पर लोगों को जोड़ने और ऑनलाइन मार्केटिंग की बड़ी चेन तैयार करने का काम किया जा रहा था। इस मामले में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 मुकदमे दर्ज किए गए थे।
2022 से निवेश नेटवर्क से जुड़ा था नवीन सिंह नेगी
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी नवीन सिंह नेगी वर्ष 2022 से एक कंपनी से जुड़ा हुआ था। बाद में वह लविश चौधरी द्वारा संचालित कंपनियों के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करने लगा।
एसटीएफ की जांच के अनुसार, संबंधित कंपनियां भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) में पंजीकृत नहीं थीं। आरोप है कि कंपनी बंद होने और उसके खिलाफ विभिन्न मुकदमे दर्ज होने के बावजूद नवीन ने एक नई कंपनी का प्रचार शुरू कर दिया था। वह जूम मीटिंग के जरिए लोगों को दोबारा ऑनलाइन बिजनेस से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला आरोपी की रोबो आईडी से जुड़े थे 10 से 15 हजार लोग
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार दूसरी आरोपी कविता परमार वर्ष 2022 से कंपनी से जुड़ी थी। पूछताछ में सामने आया कि उसने खुद और अपने परिजनों की आईडी बनाकर निवेश किया था। इसके साथ ही रेफरल आईडी के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को नेटवर्क से जोड़ा।
जांच में उसकी रोबो आईडी से करीब 10 से 15 हजार लोगों के जुड़े होने की जानकारी मिली है। वह कंपनी में सीनियर ईगल एग्जीक्यूटिव के पद तक पहुंच गई थी। आरोप है कि कविता को कंपनी से हर महीने करीब 1,000 डॉलर का लाभ मिलता था।
एसटीएफ के मुताबिक, वर्ष 2023 से 2026 के बीच वह कंपनी के सेमिनार में शामिल होने के लिए मलेशिया, थाईलैंड, दुबई और वियतनाम की करीब 12 से 13 बार यात्रा कर चुकी थी। इन यात्राओं के दौरान आने-जाने, रहने और खाने का खर्च कंपनी की ओर से उठाया जाता था।
जूम मीटिंग में एक साथ जुड़ते थे करीब एक हजार लोग
जांच में यह भी सामने आया कि कविता देहरादून समेत उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में कंपनी का प्रचार करती थी। जूम मीटिंग और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था। ऑनलाइन बैठकों में एक समय पर करीब एक हजार लोग जुड़ते थे।
पूछताछ में बताया गया कि निवेशकों की ओर से कंपनी के बैंक खातों में जमा कराई गई रकम के बदले उनके ऑनलाइन खातों में डॉलर के रूप में आंकड़े दिखाए जाते थे। आरोपियों के अनुसार, ये आंकड़े वास्तविक धनराशि नहीं थे।
विदेश में बैठा मुख्य आरोपी लविश चौधरी जांच के घेरे में
आईजी एसटीएफ नीलेश भरणे के मुताबिक, ऑनलाइन कंपनियों के जरिए अधिक मुनाफे और विदेश यात्राओं का लालच देकर निवेश कराया जा रहा था। जांच में मुख्य आरोपी के रूप में विदेश में बैठे लविश चौधरी का नाम सामने आया है। आरोप है कि वह इन कंपनियों के माध्यम से ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
उन्होंने बताया कि यह मल्टी लेवल मार्केटिंग के जरिए संचालित बड़ा निवेश धोखाधड़ी नेटवर्क है। इस मामले में अलग-अलग राज्यों में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
दो मोबाइल फोन बरामद, बैंक और क्रिप्टो ट्रांजेक्शन की जांच
एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंकिंग विवरण, व्हाट्सएप चैट, ट्रेडिंग खातों और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े अहम साक्ष्य मिलने की संभावना है।
फिलहाल एसटीएफ निवेशकों से जुटाई गई रकम के वास्तविक स्रोत और गंतव्य की जांच कर रही है। इसके साथ ही बैंक खातों, नकद लेन-देन, क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से हुए ट्रांजेक्शन और विदेश में बैठे मुख्य आरोपी लविश चौधरी समेत अन्य सहयोगियों की भूमिका खंगाली जा रही है।
एसटीएफ का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







