हरिद्वार: सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं।
सुबह से ही हरकी पैड़ी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सोमवती अमावस्या के अवसर पर तड़के से ही हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सूर्योदय के साथ ही गंगा घाटों पर भीड़ बढ़ती चली गई। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद घाटों पर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। कई लोगों ने अपने पितरों की शांति के लिए गंगा तट पर धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान, दान-पुण्य और पितृ पूजन का विशेष महत्व है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। हरकी पैड़ी के साथ ही आसपास के अन्य गंगा घाटों पर भी स्नान करने वालों की भीड़ दिखाई दी। सुबह होने वाली गंगा आरती के दौरान भी हरकी पैड़ी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
सोमवती अमावस्या पर स्नान और दान का विशेष महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार या मंगलवार को पड़ने वाली अमावस्या पर किया गया दान अक्षय फल देने वाला माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन गंगा स्नान और पिंडदान करने से पितरों को सद्गति प्राप्त होती है।
उन्होंने बताया कि उदया तिथि में सोमवती अमावस्या का स्नान पर्व पड़ना विशेष संयोग माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।
मेला क्षेत्र 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टर में विभाजित
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। हरकी पैड़ी और प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को दूसरे घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी स्थान पर अत्यधिक भीड़ जमा न हो और स्नान सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।
कुंभ कार्यों के चलते हरकी पैड़ी पर गंगाजल की मात्रा कम
सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन हरकी पैड़ी पर गंगाजल की मात्रा सामान्य दिनों की अपेक्षा कम बताई जा रही है। दरअसल, क्षेत्र में कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं और अस्थायी पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी वजह से फिलहाल हरकी पैड़ी क्षेत्र में पहले की तरह गंगाजल नहीं छोड़ा जा रहा है।
हालांकि, स्नान के लिए पर्याप्त मात्रा में गंगाजल उपलब्ध है। श्रद्धालु इसी जल में आस्था की डुबकी लगाकर सोमवती अमावस्या का पुण्य लाभ ले रहे हैं।







