खटीमा: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा खटीमा में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। सोमवार सुबह मेलाघाट क्षेत्र स्थित 22 पुल छठ घाट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
व्रती महिलाओं के साथ छठ पूजा में शामिल हुए सीएम धामी
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह 22 पुल छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सैकड़ों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों ने घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य की उपासना की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी छठ पूजा के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने फलों की डलिया उठाकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और पूर्वांचल समाज सहित प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है छठ पर्व
मुख्यमंत्री धामी ने छठ पर्व को आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह पर्व जल, सूर्य उपासना और प्रकृति के बेहद करीब होने का संदेश भी देता है।
मुख्यमंत्री ने सूर्य भगवान और छठी मैया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने तथा प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन
उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। पूजा के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







