देहरादून: राजधानी देहरादून के घंटाघर के पास सिटी बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाबा क्लॉथ दुकान के मालिक ने अपने 8 से 10 सहयोगियों के साथ मिलकर बस चालक मुकेश कुमार की सवारियों के सामने पिटाई कर दी। मारपीट की पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद सिटी बस यूनियन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है। पीड़ित चालक ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
दुकान के बाहर बस खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना 18 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। आरोप है कि दुकान के बाहर सिटी बस खड़ी करने को लेकर दुकानदार नाराज हो गया। इसी बात पर उसने अपने 8 से 10 सहयोगियों के साथ बस में बैठे चालक मुकेश कुमार के साथ मारपीट की। घटना के बाद घायल चालक का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
एसएसपी को सौंपा शिकायती पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग
मामले में देहरादून महानगर सिटी बस सेवा सोसायटी ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूनियन ने सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो सिटी बसों का संचालन बंद कर हड़ताल की जाएगी।
यूनियन ने दुकानदार पर सार्वजनिक सड़क को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि दुकान पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों को सड़क पर खड़ा होने दिया जाता है, जबकि सिटी बसों और अन्य वाहनों को वहां रुकने से रोका जाता है। विरोध करने पर चालकों के साथ अभद्रता और धमकी देने की शिकायत भी की गई है।
दुकान के निर्माण और जमीन की वैधता पर भी उठाए सवाल
सिटी बस यूनियन ने दुकान के निर्माण और जमीन के स्वामित्व को लेकर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि दुकान मंदिर की भूमि पर टीन शेड के अंतर्गत बनी हुई है। यूनियन ने एमडीडीए और राजस्व विभाग से भूमि के स्वामित्व, स्वीकृत मानचित्र और निर्माण की वैधता की जांच कराने की मांग की है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी
सिटी बस यूनियन के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने कहा कि सिटी बसें आम जनता को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराती हैं। ऐसे में बस चालकों के साथ मारपीट और सार्वजनिक सड़क के इस्तेमाल में बाधा डालना गंभीर मामला है।
उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो यूनियन आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी।







