हरिद्वार, उत्तराखंड। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का परिवार इन दिनों निजी दौरे पर हरिद्वार पहुंचा। जानकारी के अनुसार, धोनी की पत्नी साक्षी धोनी, उनकी मां और बहन सहित परिवार के अन्य सदस्य शुक्रवार को तीर्थनगरी हरिद्वार पहुंचे, जहाँ उन्होंने हरकी पैड़ी पर पावन गंगा स्नान किया और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की।
परिवार ने यह धार्मिक यात्रा सादगीपूर्ण ढंग से पूरी की। बताया जा रहा है कि धोनी का परिवार गंगा आरती शुरू होने से पहले ही दर्शन कर लौट गया, जिससे उनके आने की भनक स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी नहीं लग पाई।
साक्षी धोनी ने इस दौरान जरूरतमंदों को भोजन वितरित कर पुण्य कार्य भी किया। हरकी पैड़ी क्षेत्र में मौजूद कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि धोनी परिवार अत्यंत सादगी से दर्शन कर लौट गया।







