चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर सड़क खुलने का इंतजार कर रही एक कार पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर आ गिरा। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव टीमों को तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।
सड़क किनारे खड़ी कार पर गिरा बोल्डर
पुलिस के अनुसार, गंगोलीहाट के टिम्टा गांव से अल्टो कार संख्या UK 05 TA 2878 पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे बाराकोट ब्लॉक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण वाहन को रोक दिया गया। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर नीचे आ गिरा, जो सीधे कार की चपेट में आ गया।
हादसे के समय दो युवक कार के अंदर बैठे थे, जबकि तीन अन्य वाहन के बाहर खड़े थे। बोल्डर गिरने से सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई और मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 एंबुलेंस के माध्यम से लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि, 35 वर्षीय संदीप कुमार पुत्र भवानी राम, निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं, सुनील कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंपावत रेफर किया गया है।
ये लोग हुए घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- सौरभ कुमार (24 वर्ष) – चालक
- सुनील कुमार (23 वर्ष)
- सुभाष चंद्र (44 वर्ष)
- सुजल कुमार (17 वर्ष)
सभी घायल टिम्टा गांव, गंगोलीहाट (पिथौरागढ़) के निवासी हैं। अन्य घायलों को उपचार के लिए पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया है।
प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही चंपावत जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम नीतू डांगर भी मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। रेस्क्यू अभियान में स्थानीय निवासी मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।







