देहरादून: राजधानी देहरादून में एक पुलिसकर्मी पर युवती से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सामने आए इस प्रकरण को लेकर बुधवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लक्खीबाग चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और सहारनपुर रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के चलते घंटाघर से धर्मपुर चौक तक यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। इस बीच पुलिस विभाग ने संबंधित सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
शिकायत के बाद कार्रवाई न होने का आरोप
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक युवती ने पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि शिकायत दिए जाने के दो दिन बाद भी आरोपी सिपाही के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
इसी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता लक्खीबाग चौकी पहुंचे और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सड़क पर बैठकर लगाया जाम
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सहारनपुर रोड पर सड़क के बीचोंबीच बैठ गए और यातायात रोक दिया। इसके चलते घंटाघर और धर्मपुर चौक की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम के कारण स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ मरीज भी यातायात जाम में फंसे रहे। हालात तब और बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारी सड़क के दूसरी ओर भी बैठ गए, जिससे दोनों दिशाओं का यातायात प्रभावित हो गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिटी क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्वप्निल मुयाल ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, कार्यकर्ता आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले में कार्रवाई की जाएगी और जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया।
शाम तक कार्रवाई नहीं होने पर दी थी आंदोलन की चेतावनी
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि शाम तक आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे शाम छह बजे घंटाघर पर फिर से चक्का जाम करेंगे। हालांकि, पुलिस विभाग द्वारा संबंधित सिपाही को लाइन हाजिर किए जाने के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त कर दिया गया।
विभागीय जांच होगी
पुलिस विभाग के अनुसार, सिपाही को लाइन हाजिर करने के बाद अब मामले की विभागीय जांच की जाएगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटनाक्रम और उपलब्ध तथ्यों की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोले सीओ सिटी?
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि एक महिला की ओर से पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया गया है। शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें आश्वस्त किया गया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होगी। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







