रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप गहरी खाई में गिरने वाली महिला यात्री का शव रेस्क्यू टीमों ने बरामद कर लिया है। हादसे के बाद डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमों ने देर रात तक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और खाई की अत्यधिक गहराई अभियान में बड़ी चुनौती बन गई।
जानकारी के अनुसार रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के पास एक महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ और आपदा मित्र तुंगनाथ की टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया।
रातभर चला रेस्क्यू अभियान
सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने महिला की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि खाई में गिरने के बाद काफी देर तक महिला की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिसके बाद टीमों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए। हालांकि घटनास्थल पर खाई बेहद गहरी होने और अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी सूचित किया। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को भी मौके पर भेजा गया। संयुक्त टीमों ने देर रात तक सर्च अभियान जारी रखा, लेकिन जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के चलते अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
सुबह दोबारा शुरू हुआ अभियान
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे अभियान को स्थगित कर दिया गया था। सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों का आकलन करने के बाद दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीमों ने महिला का शव खाई से बरामद कर लिया।
फिलहाल महिला की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने तुंगनाथ समेत ऊंचाई वाले सभी ट्रेक रूटों पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम और रास्तों की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी है।







