देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 26 वर्षीय महिला काजल पंवार की गोली लगने से मौत हो गई। मामले में महिला के पति धीरज पंवार पर हत्या का आरोप है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
कमरे में मिला महिला का शव
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में महिला मृत अवस्था में मिली। मृतका की पहचान काजल पंवार (26 वर्ष), पत्नी धीरज पंवार के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होना सामने आया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
पुलिस पूछताछ में मृतका के परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति धीरज के बीच विवाद चल रहा था। मृतका के भाई ने भी पुलिस को इसी संबंध में जानकारी दी है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य परिस्थितियों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।







