देहरादून: राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित जोगीवाला के एक मॉल परिसर में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सिक्योरिटी गार्ड डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों से पीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की जांच के बाद मारपीट करने वाले आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह (45 वर्ष) निवासी डिफेंस कॉलोनी, नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी संबंधित मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत है। पुलिस का कहना है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था और इसी दौरान डिलीवरी बॉय के साथ उसका विवाद हो गया, जिसके बाद उसने मारपीट शुरू कर दी।
वीडियो में दिखी मारपीट और गाली-गलौज
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सिक्योरिटी गार्ड डिलीवरी बॉय को लगातार अपशब्द कह रहा है और उसके साथ मारपीट कर रहा है। इस दौरान डिलीवरी बॉय माफी मांगता नजर आता है, लेकिन इसके बावजूद गार्ड का गुस्सा शांत नहीं होता। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति गार्ड को रोकने की कोशिश भी करता है, लेकिन आरोपी उसकी बात नहीं सुनता।
बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम डिलीवरी बॉय मॉल में ऑर्डर लेने पहुंचा था। आरोप है कि वह निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से अंदर जा रहा था, जिस पर सिक्योरिटी कर्मियों ने उसे रोक लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
खुद को पूर्व सैनिक बताता दिखा गार्ड
वीडियो में आरोपी गार्ड खुद को पूर्व सैनिक बताते हुए भी सुनाई दे रहा है। मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय अपनी बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है। हालांकि अब तक पीड़ित डिलीवरी बॉय की पहचान सार्वजनिक नहीं हुई है और न ही उसकी ओर से पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत दी गई है।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचकर आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
शिकायत का इंतजार कर रही पुलिस
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है तो तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और घटना को लेकर तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






